छठी मैया के जयकारों से गूंजा तोरवा घाट 26 वर्षों की परंपरा बनी बिलासपुर की साझा सांस्कृतिक पहचान…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] अरपा नदी का तट, दीपों की सुनहरी रोशनी, आसमान में ढलते सूर्य की लालिमा और हजारों श्रद्धालुओं के कंठ से गूंजते छठी मैया के जयकारे… रविवार की शाम तोरवा छठ घाट पर आस्था, अनुशासन और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
मौसम पूरी तरह साफ रहने से इस बार व्रतियों को सूर्य दर्शन और अर्घ्य अर्पित करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। पारंपरिक विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ व्रतियों ने अरपा नदी के जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य की अंतिम किरणों के बीच जल में प्रतिबिंबित दीपों की रोशनी और छठी मैया के जयकारों ने इस दृश्य को अविस्मरणीय बना दिया।
सुबह से ही तोरवा छठ घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर बाद घाट पर भीड़ लगातार बढ़ती गई। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर पहुंचीं। फलों, नारियल, गन्ने, ठेकुआ और दीपों से सजे पूजा स्थलों ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। जैसे-जैसे सूर्यास्त का समय नजदीक आया, व्रती नदी के जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना में लीन हो गए।
इस बार साफ मौसम ने आयोजन की रौनक को और बढ़ा दिया। पिछले वर्ष बारिश के कारण सूर्य और चंद्र दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार अनुकूल मौसम के चलते संध्या अर्घ्य का अनुष्ठान सहजता और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
26 वर्षों की परंपरा, अब पूरे शहर का उत्सव
बिलासपुर में छठ महापर्व का सामूहिक आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर आस्था और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बना हुआ है। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त प्रयासों से शुरू हुई यह परंपरा आज व्यापक स्वरूप ले चुकी है। शुरुआती दौर में बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों की भागीदारी अधिक रहती थी, लेकिन समय के साथ स्थानीय नागरिक भी इससे जुड़ते गए। आज छठ महापर्व किसी एक समाज का आयोजन नहीं, बल्कि बिलासपुर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन गया है।
एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान-:

अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित स्थायी छठ घाट अपनी विशालता और व्यवस्थाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। इसे एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान मिली है। यहां एक साथ बड़ी संख्या में व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकते हैं। स्थायी घाट होने के कारण श्रद्धालुओं को हर वर्ष पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होता है। यही विशेषता बिलासपुर के छठ आयोजन को अलग पहचान देती है।
सूप, दउरा और ठेकुआ में जीवंत हुई लोकसंस्कृति-:

छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि लोकपरंपराओं और पारिवारिक संस्कारों को सहेजने का भी अवसर है। घाट पर बांस से बने सूप और दउरा में मौसमी फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाए गए थे। विशेष रूप से घरों में शुद्धता और पारंपरिक नियमों के साथ तैयार किया जाने वाला ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद रहा। वहीं छठी मैया की महिमा और सूर्यदेव की आराधना से जुड़े लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। इन परंपराओं के माध्यम से नई पीढ़ी तक अपनी सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने का संदेश भी दिखाई दिया।
सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य, 36 घंटे के निर्जला व्रत का होगा पारण
छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान सोमवार सुबह संपन्न होगा। व्रती उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की मंगलकामना और लोककल्याण की प्रार्थना करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
छठ महापर्व के सफल सामूहिक आयोजन में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा के साथ संरक्षक एसपी सिंह, बीएन झा, बृजेश सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, विजय ओझा, एसके सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, लव ओझा, दिलीप चौधरी, कुमुद सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, मुकेश झा, अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर, निर्भय चौधरी, रामसखा चौधरी, आशीष चौधरी, रुपेश कुशवाहा, प्रकाश देबनाथ, आनंद झा, राहुल सिंह और आकाश झा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।

