प्रयागराज से ब्राउन शुगर लाकर बेचने की फिराक में धराएं चार आरोपी…
1.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्राउन शुगर की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में नशे के अवैध कारोबार, विशेषकर ब्राउन शुगर, चरस और अफीम जैसे घातक मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। उनकी कार्ययोजना में केवल अपराधियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाना और युवाओं को इसके दुष्परिणामों से बचाना भी प्रमुखता से शामिल है।
प्रयागराज से खरीदकर मुंगेली में खपाने की थी तैयारी-:

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेंद्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में कुछ लोग ब्राउन शुगर बेचने के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23), सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान तीन पैकेटों में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे और वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाए थे। इसके बाद चारों आरोपी 14 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से मादक पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर बिक्री करने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
1.65 लाख का मशरूका जब्त, एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई:-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 हजार रुपये कीमत की 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 6 हजार 80 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन और तौलने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन जब्त की है। चारों आरोपियों के विरुद्ध सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को 15 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
नशे के खिलाफ अभियान, समाज की सुरक्षा पर विशेष जोर-:

एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई इस बात को रेखांकित करती है कि नशे का अवैध कारोबार केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी गंभीर सामाजिक चुनौती है। नशे के सौदागरों पर कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों की जागरूकता और समाज की भागीदारी भी इस लड़ाई में अहम है। पुलिस की अपील है कि अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर भी पहल करें।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, नवीन जांगड़े, पारख साहू, विजय बंजारा सहित साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशे के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम तभी व्यापक सामाजिक आंदोलन बनेगी, जब पुलिस की कार्रवाई के साथ परिवार, युवा और समाज भी मिलकर नशे के कारोबारियों के विरुद्ध खड़े होंगे।

