28 प्रतिभाएं हुई सम्मानित…
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में उमड़ा जनसैलाब…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा के बीच रविवार को बिलासपुर का लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान जनजातीय गौरव के रंग में रंग गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत को नमन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति एवं अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए अदम्य बलिदान का इतिहास है। इस विरासत से प्रेरणा लेकर शिक्षा, विकास और सामाजिक एकता के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा।
समारोह में मुख्यमंत्री ने लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। वहीं शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के दमन और शोषण के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका था। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर देश के जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाया है।

उन्होंने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई में जनजातीय वीरों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौर में भूख से तड़पते लोगों की मदद कर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। ऐसे महान नायकों की शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को संरक्षित किया गया है। उन्होंने लोगों से संग्रहालय पहुंचकर अपने गौरवशाली इतिहास को जानने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय विकास को नई दिशा दी और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बस्तियों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
शिक्षा और विकास से बदलेगी जनजातीय समाज की तस्वीर-:

मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज के उत्थान का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारा जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। अब दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाएं पहुंच रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

तोखन साहू बोले जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज की अहम भूमिका
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर देश के सामने साहस और स्वाभिमान की मिसाल पेश की। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जनजातीय समाज की प्रतिभाएं देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर राष्ट्र का नेतृत्व कर रही हैं।

अरुण साव ने किया सामाजिक एकता और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने तप, त्याग और संघर्ष से समाज के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। जनजातीय गौरव दिवस उन महान नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार काम हो रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत बनाए रखने की अपील की।
पारंपरिक संस्कृति और इतिहास के संरक्षण पर जोर-:

वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष के जीवनकाल में ऐसे महान कार्य किए कि वे जनमानस के आराध्य बन गए। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता है। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, पारंपरिक रीति-नीति और जड़ी-बूटियों के ज्ञान को अनमोल धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण तथा प्रामाणिक इतिहास लेखन पर जोर दिया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी विचार व्यक्त किए।
फोटो प्रदर्शनी और लोकनृत्य ने बांधा समां, 28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान-:

समारोह के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों के जीवन, संघर्ष और योगदान पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को मुख्यमंत्री ने बधाई दी। आयोजन समिति की ओर से शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी। कार्यक्रम संयोजिका वंदना उइके ने आभार व्यक्त किया।

समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वाभिमान, संघर्ष और विकास की प्रेरणा है।


