शव मिलने से मचा हड़कंप शरीर पर कपड़े न होने से गहराया संदेह..! फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या और हादसे समेत सभी पहलुओं पर कर रही जांच…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एफसीआई चौक से आगे स्थित एसबीआई बैंक के पास एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की लाश अर्धनग्न अवस्था में पड़ी मिली। सुनसान जगह पर इस हालत में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह व्यक्ति कौन था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई…?
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों की नजर बैंक के पास पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

भीख मांगता और कचरा बीनता था मृतक…!
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को व्यापार विहार और आसपास के इलाके में अक्सर भीख मांगते तथा कचरा बीनते हुए देखा जाता था। हालांकि, उसकी वास्तविक पहचान, नाम और निवास स्थान को लेकर अब तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। अर्धनग्न हालत में शव मिलने के कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौत सामान्य या किसी साजिश का नतीजा…?
सबसे रहस्यमय पहलू यह है कि अधेड़ व्यक्ति की मौत आखिर कैसे हुई…? क्या उसकी मौत किसी बीमारी या अन्य प्राकृतिक कारण से हुई, अथवा वह किसी हादसे का शिकार हुआ…? या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हुई है…? फिलहाल इन सवालों का जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज-:

तारबाहर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की है। फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस की जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि मृतक घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ था।
व्यापार विहार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में बैंक के पास इस तरह अज्ञात व्यक्ति का शव मिलना कई सवाल छोड़ गया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

