आईपीडी आईसीयू ऑपरेशन थिएटर ब्लड बैंक सहित प्रमुख विभागों का किया निरीक्षण… गुणवत्ता सुधार के लिए दिए आवश्यक सुझाव…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में 23 एवं 24 नवंबर को राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता प्रत्यायन बोर्ड (NABH) की विशेषज्ञ टीम ने दो दिवसीय निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रिया और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। यह मूल्यांकन NABH के छठवें संस्करण (6th Edition) के निर्धारित मानकों के अनुरूप एंट्री लेवल असेसमेंट के तहत किया गया।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देशन में आयोजित इस मूल्यांकन के लिए पहुंची विशेषज्ञ टीम में डॉ. सौविक दास (वरिष्ठ विशेषज्ञ, गुणवत्ता एवं संचालन), जयेश तावड़े (वरिष्ठ सलाहकार, गुणवत्ता एवं संचालन) तथा ऋषभ जायसवाल (सलाहकार, गुणवत्ता एवं संचालन) शामिल रहे।
अस्पताल के प्रमुख विभागों की व्यवस्था परखी
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल के भर्ती मरीज विभाग (आईपीडी), आपातकालीन विभाग, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड, फार्मेसी, प्रयोगशाला एवं रेडियोलॉजी विभाग का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता, साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण तथा निर्धारित चिकित्सा प्रक्रियाओं के पालन की स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया।
विशेषज्ञों ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए यह भी देखा कि मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य में NABH प्रत्यायन की दिशा में तैयारियों को मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता डॉ. रमणेश मूर्ति-:

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। NABH के निर्धारित मानक केवल अस्पताल को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाने और मरीजों के उपचार को अधिक सुरक्षित बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि सिम्स का प्रयास है कि प्रत्येक विभाग में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन हो, संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत रहे और मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं मिलें। दो दिवसीय मूल्यांकन से अस्पताल की तैयारियों का आकलन करने और जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, वहां प्रभावी कदम उठाने का अवसर मिला है। सभी विभागों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सभी विभागों के समन्वय से होंगे आवश्यक सुधार-:

संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल के सभी विभागों का आपसी समन्वय बेहद जरूरी है। NABH के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मूल्यांकन टीम द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि मरीजों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. समीर पैकरा, मरीज सुरक्षा नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार ठाकुर, NABH नोडल अधिकारी डॉ. सुचिता सिंह, सहायक नोडल अधिकारी गरिमा पांडेय, डॉ. रेखा बारापात्रे एवं डॉ. सागरिका प्रधान सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
नर्सिंग अधीक्षक स्वाति कुमार के साथ नर्सिंग टीम की पिंकी दास, राजकुमारी चौहान, उज्ज्वला दास, नमिता वाणी, पुष्पलता शर्मा एवं उत्कर्ष शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने भी मूल्यांकन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई।
सिम्स में आयोजित यह दो दिवसीय मूल्यांकन अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

