हाईटेक बस स्टैंड में बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश 80 हजार की ब्रॉउन शुगर साहित आरोपी गिरफ्तार
28-अक्टूबर 2021
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर सिरगिट्टी पुलिस ने 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी हाईटेक बस स्टैंड में ब्राउन शुगर को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। जब्त ब्राउन सुगर की कीमत 80 हजार रुपए के आसपास बताई जा रही है।
सिरगिट्टी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड तिफरा मेन गेट के सामने मोहम्मद आरिफ नाम का व्यक्ति ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा हैं। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी सिरगिट्टी फैजुल शाह के नेतृत्व में टीम गठित कर नया बस स्टैंड पर घेराबंदी किया गया। यहां एक संदिग्ध व्यक्ति मिला जो पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ करने पर अपना नाम मोहम्मद आरिफ पिता मोहम्मद बशीर उम्र 28 वर्ष निवासी मगरपारा चौक बिलासपुर का होना बताया। संदेही के लोवर के जेब से ऑरेंज कलर की पॉलिथीन के अंदर से कागज के 09 नग छोटे पुड़िया में तथा 03 नग छोटे पारदर्शी पॉलिथीन में ब्राउन कलर का नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसी तरह दूसरे जेब से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू चालू हालत में तथा बिक्री रकम नगद ₹2000 मिला। ब्राउन सुगर को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया तथा मौके पर ही संदेही मोहम्मद आरिफ से अवैध मादक पदार्थ रखने संबंधी दस्तावेज की मांग की गई जो मौके पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
आरोपी का यह कृत्य अपराध धारा सदर 21, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत पाए जाने से मामले में अपराध क्रमांक 602/ 2021 पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह, सहायक उपनिरीक्षक अशोक चौरसिया, सहायक उपनिरीक्षक शीतला त्रिपाठी, आरक्षक मिथिलेश सोनी, आफाक खान, बोधूंराम, कमलेश शर्मा का सक्रिय योगदान रहा



