वर्दी का रौब दिखाते हुए भिखारी पर निकाला गुस्सा फिर वर्दी भी निकाल फैंकी !
10 दिसंबर 2021
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर। जिस वर्दी पर पुलिस को गुमान होता है वही वर्दी को यदि उतार फेंका जाए वो भी शराब के नशे में तो आम आदमी के सामने हंसी का पात्र तो बनेगा ही ऐसा ही मामला कल रात बिलासपुर नगर के मुख्यमार्ग पर देखने को मिला वर्दी वाला ही अपनी वर्दी सड़क में फेंककर उत्पात मचाने लगा और अपना फ्रस्टेशन एक भिखारी पर निकालने लगा। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में तो यही हुआ।
बिलासपुर में गुरुवार रात शराब के नशे में एक पुलिस कांस्टेबल ने जमकर उत्पात मचाया। उसने बीच सड़क पर अपनी एक्टिवा खड़ी कर दी और फिर सड़क किनारे बैठे अधेड़ को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान कांस्टेबल ने अपनी वर्दी भी उतार दी। आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो कांस्टेबल ने अधेड़ को छोड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन कांस्टेबल को पकड़ने की जगह चुपचाप लौट गई। सिपाही बनियान पहने ही काफी देर तक वहां घूमता रहा। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड का है। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल रजनीश लहरे यातायात थाने में पदस्थ है।
गुरुवार रात करीब 8 बजे पुराना बस स्टैंड में उसकी ड्यूटी लगी थी। इस दौरान वह बेवजह उत्पात मचा रहा था। वीडियो में आरक्षक अपनी वर्दी उतारने नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने पहले बीच सड़क में अपनी एक्टिवा को खड़ी कर दिया। फिर सड़क किनारे बैठे अधेड़ की बेरहमी से पिटाई कर दी।


