कलेक्टर ने किया निरीक्षण…अंतिम चरण में निर्माण कार्य
10 दिसम्बर 2021
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बहुत ही जल्द बहुप्रतीक्षित तिफरा फ्लाई ओवर की सौगात बिलासपुर वासियोें को मिलने जा रही है। इसका कार्य अंतिम चरणों में है और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने आज तिफरा फ्लाई ओवर का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी।
कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने तिफरा फ्लाई ओवर का सघन निरीक्षण किया। कार्यस्थल पर मौजूद तकनीकी अधिकारियों ने बताया कि आर.ओ.बी स्पाॅन (रेल्वे का हिस्सा) का काम अभी किया जा रहा है और यह काम अभी अंतिम चरण में है। इसके बाद फ्लाई ओवर के दोनों ओर डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। 31 जनवरी तक यह काम पूरा कर लेने के बाद फ्लाई ओवर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। फ्लाई ओवर के तैयार होने से बिलासपुर के लोगों को काफी सहूलियत हो जाएगी। कलेक्टर द्वारा विगत एक वर्ष से इस फ्लाई ओवर का लगातार निरीक्षण कर सतत माॅनिटरिंग की गयी है।
इस दौरान उन्होंने अधिकारी से लेकर तकनीकी कर्मचारियों से संपर्क साधकर प्रत्येक स्तर पर किए जा रहे कार्य पर नजर रखी। कलेक्टर प्रतिदिन स्वयं निर्माण कार्य की जानकारी लेते हैं। इस फ्लाईओवर के निर्माण में सबसे मुश्किल चरण था रेल्वे के हिस्से का काम। रेल्वे के साथ आ रही तकनीकी बाधा को दूर करने के बाद ही निर्माण कार्य ने गति पकड़ी।
उल्लेखनीय है कि फ्लाई ओवर की लागत 70 करोड़ है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पुलक भटटाचार्य, नगर निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।




