देशी शराब दुकान में नकाबपोश डकैतों ने दिया घटना को अंजाम
तिजोरी समेंत उठा ले गए 9 लाख रुपए जाते-जाते सीसी कैमरा भी तोड़ा
16 जनवरी 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सरगांव में डकैतों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां देसी व विदेशी शराब दुकान मैं 9 लाख रुपये की डकैती हुई है। डकैत अपने साथ 2 क्विंटल वजनी तिजोरी भी साथ ले गए जिसमें शराब बिक्री की राशि रखी हुई थी।
बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया है। रात में डकैत पहुंचे और शराब दुकान में तैनात गार्ड को बंधक बनाया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद डकैत रकम लूटने में समय खराब करने की बजाय सीधे तिजोरी को ही अपने साथ लेकर चले गए। बताया जा रहा है कि डकैतों ने पहले दुकान की तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मजबूत तिजोरी होने की वजह से उसे तोड़ा नहीं जा सका, जिसके बाद डकैतों ने पूरी तिजोरी ही उठायी और उसे ले भागे, जाते-जाते डकैतों ने छत का उपरी हिस्सा तोड़कर DVR को भी लेकर फरार हो गये। पहचान छुपाने के लिए डकैतों ने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर बिलासपुर और मुंगेली पुलिस की डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची।

शराब दुकान में डकैती की सनसनीखेज वारदात से सब सकते में हैं। असल में अधिकांश शराब भट्टी की तरह सरगांव का देसी विदेशी शराब दुकान आबादी से दूर वीराने में स्थित है। दिन भर तो यहां चहल-पहल रहती है लेकिन रात में बिल्कुल सन्नाटा छा जाता है, जिसका फायदा डकैतों ने उठाया। फिलहाल पुलिस डकैतों की तलाश में जुट गई है।

