गाड़ी में बैठे कुत्ते के स्टेरिंग पर लपकने से हुआ हादसा कार चालक गिरफ्तार
20 फ़रवरी 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिस तेज रफ्तार कार से स्वदेशी प्लाजा के पास एक मजदूर की मौत हुई थी और 8 लोग घायल हुए थे उसके चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के परिजनों को तहसीलदार ने मौके पर ही मुआवजा राशि प्रदान किया गया।
रविवार को करीबन 11:30 बजे सीएमडी चौक स्थित स्वदेशी प्लाजा के सामने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए रोड के किनारे कार्य कर रहे मजदूरों पर कार चढ़ा दी और वाहन क्षतिग्रस्त होकर पलट गया है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक कार टाटा इंडिगो क्रमांक CG10F6491 क्षतिग्रस्त हालत में रोड के किनारे पल्टी पड़ी हुई थी।

एक्सीडेंट से मौके पर एक मजदूर की मृत्यु हो गयी थी जिसके शव को तत्काल कार्रवाई हेतु अस्पताल भेजा गया। मौके पर घायल 8 मजदूरों को तत्काल वाहन से इलाज हेतु सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर सहित सभी सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और उपस्थित मजदूरों को समझाइश दी। मृतक के परिजनों द्वारा मुआवजा की माँग करने पर SSP पारुल माथुर द्वारा तहसीलदार बिलासपुर को सूचना दिया गया तथा तहसीलदार बिलासपुर द्वारा मौके पर आकर मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान किया गया। घटना में घायल 08 मजदूरों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ सभी का इलाज जारी है। सभी की स्थिति अभी सामान्य है वाहन तथा वाहन चालक नाबालिग को हिरासत में लिया गया तथा परिजनों को थाना तारबाहर लाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

बताया जा रहा है कि एसईसीएल कर्मी भारतीय नगर अय्यप्पा मंदिर के पास रहने वाले राजेश हेनरी के घर का पालतू कुत्ता बीमार था। जिसके इलाज के लिए उसके दो नाबालिग बेटे उस कुत्ते को कार में लेकर श्याम टॉकीज के पास स्थित पशु चिकित्सालय गए थे। जहां से उसका इलाज करा कर दोनों कार से लौट रहे थे। इसी दौरान कुत्ता स्टेयरिंग पर छलांग लगा दिया और फिर कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

