दुर्घटना ग्रस्त कार में लगी आग से पांचो हुए जलकर खाक…हृदयविदारक घटना से समूचा क्षेत्र अव्वाक
22 अप्रैल 2022
राजनांदगांव-[जनहित न्यूज़] राजनांदगांव में गुरुवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। हादसा तेज रफ्तार कार के पुलिया से टकराने के कारण हुआ। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में पति-पत्नी के अलावा 3 बेटियों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने घटना के बाद गहरा दुख ब्यक्त किया है।जानकारी के मुताबिक, खैरागढ़ के गोलबाजार निवासी सुभाष कोचर अपनी पत्नी कांति कोचर और तीन बेटियों भावना कोचर, वृद्धि कोचर और पूजा कोचर के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे।

वहां से सभी देर रात करीब 2 बजे ऑल्टो कार में सवार लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में खैरागढ़ रोड पर ठेलकाडीह क्षेत्र में ग्राम सिंगारपुर के पास कार में अचानक आग लग गई।

इसके चलते किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसा होते देख किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ठेलकाडीह थाना पुलिस के साथ ही SDOP खैरागढ़ भी मौके पर पहुंच गए। कार में अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पांचों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच से अनुमान लगाया जा रहा है कि पुलिया से तेज रफ्तार कार टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई होगी।

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं शुक्रवार सुबह से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई जांच करने के बाद लौट गई आई है। बताया जा रहा है कि सुभाष कोचर खैरागढ़ के बड़े व्यापारी थे। उनका वहां पर साइकिल का बड़ा शोरूम है।

उनकी तीन बेटियों की उम्र 20 से 25 साल बताई जा रही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आने के चलते कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई होगी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है और इसके बाद उसमें आग लग गई।

