हवाई सेवा जन संघर्ष समिति ने सांसद आवास का किया घेराव
07 मई 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] महानगरों की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर आज हवाई सेवा जन संघर्ष समिति ने सांसद आवास के सामने मौन धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न बैनर पोस्टर के माध्यम से अपनी मांगों को रखा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद बिलासपुर से हवाई सेवा शुरू तो हुई लेकिन महज एक दो उड़ान से अभी खानापूर्ति की जा रही है,जबकि बिलासपुर से महानगरों की कनेक्टिविटी की सख़्त जरूरत महसूस की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने महानगरों से एयर कनेक्टिविटी की मांग को दोहराते हुए कहा कि अभी हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी माँग को रख रहे हैं,आगे आंदोलन को और ज्यादा उग्र कर सकते हैं। वर्तमान में बिलासपुर एयरपोर्ट पर दिन में केवल एक ही उड़ान है।

लगभग 10 घंटे हवाई अड्डा खाली है। केंद्र सरकार तुरंत ही बिलासपुर से दिल्ली,मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद जैसे महानगरों के लिए सीधी उड़ान मंजूर कर सकती है, या फिर इन मांगों को उड़ान योजना में शामिल कर निजी विमान कंपनियों से टेंडर करा सकती है।

यह मांग 1 साल से की जा रही है, लेकिन अब तक केंद्र सरकार ने इस पर कोई कार्य नहीं किया। राज्य सरकार को रनवे विस्तार, नाइट लैंडिंग और नया टर्मिनल जैसे कार्य करने हैं, परंतु महानगरों तक दिन के समय उड़ाने संचालित करने के लिए बिलासपुर एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार है। केंद्र सरकार पहले बिलासपुर से महानगरों तक उड़ाने उपलब्ध कराने का कार्य करें।

एयरपोर्ट का विकास साथ साथ में होता रहेगा। धरने में बैठे हवाई जन सुविधा संघर्ष समिति के सदस्यों ने सांसद अरुण साव का घेराव करते हुए केंद्र सरकार के बचे हुए कार्यों को पूरा कराने की बात कही है।

