पूर्व मंत्री व विधायक अमर अग्रवाल महापौर पूजा विधानी रहे मुख्य अतिथि…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर.पीएम श्री सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, सरकंडा में वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि महापौर श्रीमती पूजा विधानी उपस्थित रहीं।

समारोह का शुभारंभ विद्यादायिनी मां शारदा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। शाला की प्राचार्य डॉ. गायत्री तिवारी ने अपने उद्बोधन में विद्यालय के निरंतर विकास एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके पश्चात शाला प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए हेमंत नायक ने वर्षभर की सांस्कृतिक, अकादमिक तथा अन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक संसाधनों तथा नई शिक्षा नीति 2020 के महत्व पर विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छात्राओं द्वारा योग पर आधारित आकर्षक नृत्य एवं छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। समारोह में पार्षद अंचल शर्मा, राजेश दूसेजा, विजय ताम्रकार, श्याम साहू, शाला विकास समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में शाला के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुष्मिता शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रवीण मिश्रा द्वारा किया।


