आयोजन में अध्यक्ष जय बैगा बाबा खेल समिति की अध्यक्ष श्रीमती वंदना उईके मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
29 अगस्त 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती 29 अगस्त पर समर्पित खेल दिवस का आयोजन प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त खेल संघों की रैली प्रातः 07:30 बजे गांधी चौक से जूना बिलासपुर, मानसरोवर चौक होते हुए पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह (पं. लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय परिसर) में संपन्न हुई। रैली में हॉकी, बेसबॉल, फुटबॉल, तैराकी, एथलेटिक, खो-खो, कबड्डी, व्हॉलीबॉल, क्रिकेट, फेंसिंग एवं जूडो संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के समापन अवसर पर वरिष्ठ खेल अधिकारी द्वारा खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए खेल संघों के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर अजय यादव, शंकर यादव, अमरनाथ सिंह, बहादुर जी, सुश्री मिताली घोष हेमंत सिंह परिहार, आलोक शर्मा, अमिताभ वाजपेयी, अमिताभ मानिकपुरी, राजेश साहू, धनीराम यादव, सुनील राव, अख्तर खान एवं संतोष साहू आदि उपस्थित थे।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण के निर्देशानुसार खेल दिवस के अवसर पर राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति में एक्सीलेंस सेंटर एवं जिला हॉकी संघ के मध्य हॉकी का मैत्री मैच खेला गया, जिसमें बालक एवं बालिका दोनों ही वर्गों में एक्सीलेंस सेंटर ने जिला हॉकी संघ को हराया। प्रतियोगिता के अवसर पर भारतीय रेल्वे के अधिकारी नवीन सिंह हॉकी संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव तथा अमिताभ मानिकपुरी सुश्री रेखा मैडम, सुश्री विश्वास मैडम, सुश्री पूर्णिमा पिल्ले एवं शैलेष वाजपेयी उपस्थित थे।
इस प्रकार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलो इंडिया लघुकेन्द्र शिवतराई में भी खेल दिवस का आयोजन किया गया। खेलो इंडिया लघुकेन्द्र के खिलाड़ियों एवं ग्राम के खेल प्रेमियों द्वारा पूरे ग्राम में मेजर ध्यानचंद एवं खेल दिवस के जयघोष के नारों के साथ रैली निकाली गई। यह रैली खेलो इंडिया लघु केन्द्र में चिन्हित तीरंदाजी प्रशिक्षण उपकेन्द्र शिवतराई में संपन्न हुई, जहां खिलाड़ियों के मध्य तीरंदाजी एवं कबड्डी खेल का आयोजन किया गया आयोजन के समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना उईके अध्यक्ष जय बैगा बाबा खेल समिति द्वारा खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद जी के खेल जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षों एवं खेल में उनके योगदान का अनुशरण करने हेतु खिलाड़ियों को अपना आशीष प्रदान किया गया है। इस अवसर पर राजीव ध्रुव, मानसिंह शिवरतन करसायल, विजय मेश्राम, श्रीमती खेमेश्वरी, रंजीत श्याम ईतवारी राज एवं शैलेन्द्र जगत उपस्थित थे जिनके द्वारा आयोजन को सफल बनाया गया।


