सकरी की सड़क अब नहीं रही संकरी उस्लापुर-सकरी रोड़ में अब ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात…16 करोड़ में बनी सड़क का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण-●
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर के सकरी में संकरी सड़क को लेकर परेशान आमनागरिकों को अब राहत मिल गई है। उन्नयन के पश्चात चौड़ी हुई उस्लापुर-सकरी रोड़ में आवागमन आसान होने के साथ राहगीरों को ट्रैफिक जाम से भी मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक 15वें वित्त आयोग और डीएमएफ फंड से लगभग 16 करोड़ की लागत से बनकर तैयार इस सड़क का लोकार्पण किया। इस मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण होने से राहगीरों खासकर तखतपुर, मुंगेली, कवर्धा, लोरमी, पेंड्रा और पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से आने वाले तथा निगम में नए जुड़े चार वार्डों के रहवासियों को काफी राहत मिलेगी, यातायात सुगम होगा।

उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक नगर निगम द्वारा सवा चार किमी सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है। सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन होने से राहगीरों को काफी राहत मिली है। उन्नयन और चौड़ीकरण के तहत मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है, डिवाइडर बनाया गया है, स्ट्रीट लाइट और दोनों तरफ नाली निर्माण भी किया गया है। यह मार्ग शहर का प्रवेश द्वार है जिसकी काफी दिनों से चौड़ीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी, बिलासपुर शहर अब महानगर के रूप में विकसित हो रहा है।

शहर के चारों तरफ कॉलोनियां विकसित हो रही हैं,इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियां भी तेजी के साथ बढ़ने लगी है। चौड़ीकरण के पूर्व सड़क संकरी थी, जिसके कारण आए दिन ट्रैफिक जाम और हादसे होते रहते थे। इसके अलावा इस सड़क पर ट्रैफिक का अत्याधिक दबाव रहता था। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरती है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरूण साव,विधायक तखतपुर धर्मजीत सिंह,बिलासपुर अमर अग्रवाल, बिल्हा धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने 05 करोड़ 91 लाख की लागत से मिनोचा कॉलोनी से उस्लापुर क्रॉसिंग सड़क किया लोकार्पण
बिलासपुर-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मिनोचा कॉलोनी से उस्लापुर क्रॉसिंग तक सड़क निर्माण का लोकार्पण किया। 5 करोड़ 91 लाख की लागत से इस सड़क का उन्नयन किया गया है। इसमें प्रमुख रूप से महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओव्हर ब्रिज तक 800 मीटर सड़क, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और रोटरी शामिल है।

शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, साइनेज, रोड मार्किंग के कार्य शामिल हैं। सड़क उन्नयन से राहगीरों को काफी राहत मिली हैऔर ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिली है। उन्नयन और चौड़ीकरण के तहत मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का किया लोकार्पण
14 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संजय तरण पुष्कर परिसर में बना है स्पोर्ट्स कांप्लेक्स
मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ टेबल टेनिस, स्क्वैश और बैडमिंटन में हाथ आजमाए
बिलासपुर-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का लोकार्पण किया है। 14 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संजय तरण पुष्कर परिसर में इसका निर्माण किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ टेबल टेनिस, स्क्वैश और बैडमिंटन में हाथ आजमाए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ही छत के नीचे एक से ज्यादा खेलों की सुविधा पर खुशी जाहिर की और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात की।

बिलासपुर में तीन मंजिला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बेसमेंट पार्किंग,ग्राउंड फ्लोर में रिसेप्शन और रेस्टोरेंट संचालित किए जाने का प्रावधान है। इसके प्रथम तल में बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट,टेबल टेनिस, स्नूकर,बिलियर्ड्स जैसे खेलों की सुविधा है।

द्वितीय तल में मल्टीपरपज हाॅल,योगा की सुविधा है। तीसरे तल में मनोरंजन की अनेक सुविधाएं है।
यह “स्पोर्ट्स कांप्लेक्स” बिलासपुर के मेट्रो सिटी की संकल्पना को साकार करने के लिए बढ़ाया गया।

एक महत्वपूर्ण कदम है जहां नागरिकों को खेल भावना के साथ फिटनेस और मनोरंजन के लिए सर्व सुविधायुक्त क्लब की स्थापना की गई है।

