बिरकोना धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी समिति प्रबंधक सहित स्टाफ़ पर एफआईआर के निर्देश के साथ भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी पर 14 अन्य प्रभारियों को किया नोटिस जारी-●
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] भौतिक सत्यापन में मिली गड़बड़ी के आधार पर 14 धान खरीदी केंद्रों के खरीदी प्रभारियों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर उपायुक्त सहकारिता ने आज नोटिस इश्यू किए हैं। उनसे रविवार 19 जनवरी को शाम 4 बजे तक जवाब तलब किया गया है। खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर धान खरीदी केंद्र एरमशाही, जयरामनगर, रिसदा, सारधा,बोड़सरा, सोन,पोंड (सकरी) गनियारी, टांडा, कुकदा, पोड़ी, जाँजी, मस्तूरी और कौड़ियां के समिति प्रबंधक/ खरीदी प्रभारी को नोटिस आज जारी किया गया है। उन्हें गड़बड़ी की जानकारी देकर इस संबंध में सबूत के साथ स्पष्टीकरण का जवाब मांगा गया है। जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे। खाद्य अधिकारी ने एक अन्य जानकारी में बताया कि धान खरीदी केंद्र घुटकु का भौतिक सत्यापन किया गया। ऑनलाइन रिपोर्ट के आधार पर 41621 धान की कट्टी है जबकि प्वाइंटर के माध्यम से गिनती उपरांत 40621 कट्टी मौके पर है। अतः समिति में 1000 कट्टी धान कम पाया गया। जिसका मौके में पंचनामा बनाया गया। वहां के खरीदी प्रभारी को भी नोटिस दिया जा रहा है।
वही बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण ने गड़बड़ी एवं लापरवाही बरतने पर बिरकोना धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी समिति प्रबंधक देवारी लाल यादव, ऑपरेटर प्रियांशु जायसवाल, वर्तमान खरीदी प्रभारी विनोद कुमार यादव को हटाते हुए इनके विरूद्ध एफआईआर करवाने के निर्देश दिए हैं। तथा प्राधिकृत अधिकारी को भी हटाने कहा है।
इसी तारणम्य में आज एक महत्वपूर्ण और बड़ी कार्रवाई की गई जिसमें संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा धान उपार्जन केन्द्र बिरकोना में औचक निरीक्षण करने पर काफी गड़बड़िया पायी गयी। जिसमें पूर्व प्रबंधक देवारी लाल यादव द्वारा स्वंय के पिता के टोकन के साथ 08 अन्य किसानों का टोकन अपने पास रखा हुआ था। जिसमें उसने अधिया लेने की बात कही किन्तु परीक्षण उपरांत किसी भी प्रकार का अधिया लेने संबंधी पंजीयन नहीं होना पाया गया।
समिति में धान के भौतिक सत्यापन कराये जाने पर 3242 बोरी अतिरिक्त धान प्राप्त हुआ था, 1210 नग पुराना खाली बारदाना अधिक एवं 36 नग नवीन खाली बारदाना कम प्राप्त हुआ।

इस प्रकार धान उपार्जन केन्द्र बिरकोना के प्रभारी संस्था प्रबंधक देवारी लाल यादव, वर्तमान खरीदी प्रभारी विनोद कुमार यादव एवं कम्प्यूटर आपरेटर प्रियांशु जायसवाल द्वारा धान उपार्जन नीति 2024-25 का स्पष्ट उल्लंघन किये जाने के कारण इन पर तत्काल कार्यवाही हेतु कलेक्टर ने निर्देश दिए थे जिस पर आज कार्रवाई की गई।
तथा निर्देशित किया गया कि इन तीनो के विरूद्ध संबंधित पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर इस कार्यालय को अवगत कराना सुनिश्चित करे।

