विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में कल श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से होगा शुभारंभ माँ महामाया मंदिर रतनपुर में ध्वजा अर्पण के साथ होगा समापन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में भक्ति और आस्था की अनूठी छटा बिखरने जा रही है। माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान जी के जयकारों के बीच 11 अक्टूबर को भव्य धार्मिक ध्वजा यात्रा का शुभारंभ होगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकलने वाली यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँचेगी। धार्मिक श्रद्धा, सनातन संस्कृति और सामूहिक आस्था के प्रतीक इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में खासा उत्साह है।

ध्वजा यात्रा का शुभारंभ बिलासपुर स्थित श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से होगा। प्रथम दिवस यात्रा ग्राम नवागांव से होते हुए रतनपुर रेस्ट हाउस, ओछीनापारा चौक, खैरखुँडी, सरवनदेवरी, लखराम, अकलतरी, गड़वट और बाम्हू सहित विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ेगी। पहले दिन की यात्रा टेकर में रात्रि विश्राम के साथ संपन्न होगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से यात्रा आगे बढ़ते हुए माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँचेगी, जहाँ पवित्र ध्वजा अर्पित कर इसका समापन किया जाएगा।
48 ग्राम पंचायतों तक पहुँचेगा आस्था का संदेश-:
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से गुजरने वाली यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश भी देगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माँ महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान जी के चरणों में ध्वजा अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे। नवरात्रि के भक्तिमय वातावरण में निकलने वाली इस यात्रा के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में भी भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा।
विधायक सुशांत शुक्ला ने किया श्रद्धालुओं को आमंत्रित-:

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शारदीय नवरात्रि माँ शक्ति की आराधना, श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व है। माँ महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान जी की कृपा से बेलतरा विधानसभा के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली बनी रहे, इसी मंगलकामना के साथ विगत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी ध्वजा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूर्णत धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है। अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा, विश्वास और समर्पण व्यक्त करने के साथ ही यह परिवार, समाज और समूचे क्षेत्र के मंगल की कामना करने का अवसर है।
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के सभी परिवारों, मातृशक्ति, युवाओं और धर्मप्रेमियों से अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ ध्वजा यात्रा में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु मिलकर भक्ति और आस्था की इस पावन यात्रा को सफल बनाएं तथा माँ महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान जी से क्षेत्र में सुख, शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने का आशीर्वाद माँगें।
नवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली यह ध्वजा यात्रा श्रद्धालुओं को एक सूत्र में पिरोते हुए धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था को मजबूत करने का अवसर बनेगी। अब क्षेत्रवासियों को इस पावन यात्रा के शुभारंभ और माँ महामाया मंदिर, रतनपुर में ध्वजा अर्पण के क्षणों का इंतजार है।


