एसीसीयू टीम व सकरी पुलिस की संयुक्त तत्पर कार्रवाई से मिली बड़ी सफलता…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सकरी पुलिस ने अवैध कफ सिरप की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इलाहाबाद से रायपुर की ओर आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार (MH 12 KN 4428) से 120 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की, जिसकी कीमत 23,400 रुपये आंकी गई है। साथ ही, इस तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है, को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी मिथिलेश तिवारी (46 वर्ष), निवासी हीरापुर, थाना कबीर नगर, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मुखबिर की सूचना से पुलिस का त्वरित एक्शन
आज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध नशीली कफ सिरप लेकर सकरी बायपास होते हुए रायपुर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से) के निर्देशानुसार तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर ग्राम पाड़ कृष्ना ढाबा के पास संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली, जिसमें कार्टून में भरी 120 बोतल कफ सिरप पाई गई। एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
टीम का अहम योगदान
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र अनंत, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, आरक्षक सरफराज खान, सुमंत कश्यप, रवि शंकर सिरों एवं ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की सख्त चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प लिया है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की अवैध नशीली दवाओं के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

