तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई कंस्ट्रक्शन कॉलोनी दुर्गा पंडाल के पास दबोचा गया आरोपी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कॉलोनी के पास दुर्गा पंडाल के नजदीक ग्राहक की तलाश कर रहे आरोपी के कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने सिरप की खेप झारसुगुड़ा से लाकर बिलासपुर में खपाने की तैयारी करने की बात बताई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान तारबाहर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी स्थित दुर्गा पंडाल के पास एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पूछताछ में खुला झारसुगुड़ा कनेक्शन:-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान अली उर्फ बाबू (34 वर्ष), निवासी रमजानी बाबा मजार के पास तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीली सिरप झारसुगुड़ा से लेकर आया था और बिलासपुर में इसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस अब सिरप की सप्लाई के स्रोत की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि झारसुगुड़ा में उसे यह खेप किससे मिली और क्या इसके पीछे कोई बड़ा सप्लायर अथवा संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश पुलिस की कार्रवाई अब केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहने वाली है। झारसुगुड़ा से बिलासपुर तक नशीली सिरप पहुंचने की कड़ी सामने आने के बाद जांच एजेंसियां संभावित सप्लायर, खरीदार और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन से भी संपर्कों और लेन-देन से जुड़ी जानकारियां खंगाल सकती है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई:-
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज कर धारा 21सी, 22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस बात पर भी फोकस कर रही है कि नशीली सिरप की खेप बिलासपुर तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की जड़ तक कैसे पहुंचा जाए।

