आरोपी अंकुश यादव एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत यादव मोहल्ला टिकरापारा में रात करीब 2:40 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार दो युवकों पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित पार्थी आदर्श मिरी ने बताया कि वह अपने साथी ऋषभ मिरी के साथ पल्सर बाइक (क्रमांक CG10 AR 4520) से यादव मोहल्ला पहुंचा था। इसी दौरान 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोकने का इशारा किया।
रुकते ही युवकों ने “यही लोग हैं, मारो” कहते हुए पार्थी और ऋषभ के साथ गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दोनों युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 197/25 धारा 296, 115(2), 351(2), 35(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक आरोपी अंकुश यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में अंकुश ने बताया कि उसने अपने साथियों राहुल, अजय और करण के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
गौरतलब है कि आरोपी अंकुश यादव एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

