माँ पिता का रो-रो कर बुरा हाल…
हृदय विदारक घटना से गांव में पसरा मातम…!
बिलासपुर/तखतपुर {जनहित न्यूज़} बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह अपनी दादी के साथ तालाब में नहाने गईं दो मासूम बहनों की जान अवैध मुरूम खदान के गहरे गड्ढे में डूबने से चली गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
ग्राम गिरधौना निवासी ओमप्रकाश जायसवाल की दो बेटियां 13 वर्षीय चांदनी और 11 वर्षीय पार्वती सुबह करीब 8 बजे अपनी दादी के साथ चण्डीपारा तालाब गई थीं। दादी कपड़े धोने के बाद घर लौट आईं, जबकि बच्चियां तालाब में ही नहा रही थीं।

जब काफी समय तक वे घर नहीं लौटीं, तो दादी उन्हें खोजने फिर तालाब पहुंचीं। वहां लड़कियों के कपड़े किनारे मिले, लेकिन दोनों बहनें गायब थीं।
परिजनों और गांव वालों ने मिलकर तालाब में खोजबीन शुरू की और कुछ ही देर में बच्चियों के शव गहरे गड्ढे में मिले, जो मुरूम की अवैध खुदाई के कारण बना था।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची, शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम, अवैध खदानों पर उठे सवाल। इस हादसे ने प्रशासनिक व्यवस्था और अवैध खनन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

