मुंगेली पुलिस का “ऑपरेशन मजनू” अभियान मनचलों की आई शामत… आज फिर एक युवक पर कसा शिकंजा…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भापुसे) के निर्देशित “ऑपरेशन मजनू” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही की है। आज बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम स्कूल मुंगेली के पास उप प्राचार्य की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने 21 वर्षीय युवक राम देवांगन (निवासी शिक्षक नगर, मुंगेली) को पकड़ा।

युवक स्कूल परिसर के पास खिड़की में झांककर छात्राओं को परेशान कर रहा था, साथ ही सिगरेट का धुआँ कक्षाओं की ओर उड़ाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था। यही नहीं, उसने स्कूली छात्र से विवाद कर मारपीट भी की।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े एवं टीम ने त्वरित एक्शन लिया और आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 110/572/2025 धारा 170, 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मयंक तिवारी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पूर्व में भी कन्या शाला मुंगेली के पास मनचलों पर कार्रवाई हो चुकी है।

मुंगेली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि…
स्कूल, कॉलेज, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर मंडराने वाले मनचले युवक हों सावधान।महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर अब होगी कठोर दण्डात्मक कार्यवाही।
‘ऑपरेशन मजनू” के जरिए मुंगेली पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि छात्राओं व महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से समझौता करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

