बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बिलासपुर केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च की तैयारियों को लेकर होटल ग्रांड अम्बा में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन एक राष्ट्रव्यापी जन अभियान है, जो सरदार पटेल के दृढ़ नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण की भावना को पुनर्जीवित करेगा।
सांसद साहू ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह यूनिटी पदयात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन को जनभागीदारी के माध्यम से एक राष्ट्रीय अभियान के रूप में जोड़ने का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में यह तीन दिवसीय पदयात्रा 11 से 13 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान स्वदेशी भारत अभियान भारत का संकल्प, स्वच्छता दीदियों का सम्मान, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, युवा विभूतियों एवं स्थानीय कलाकारों का सम्मान, बाजार संपर्क, पेड़ माँ के नाम अभियान, स्वच्छता हेतु श्रमदान और वरिष्ठजनों व प्रबुद्धजनों का सम्मान जैसे विविध कार्यक्रम होंगे।
यात्रा मार्ग का विवरण..
11 नवंबर को सुबह 10 बजे माँ काली मंदिर, तिफरा (बिल्हा विधानसभा) से यात्रा का शुभारंभ होगा। यह राजीव गांधी चौक, नेहरू चौक, पं. देवकीनंदन चौक, चांटीडीह, शबरी माता नवीन कन्या महाविद्यालय होते हुए समाप्त होगी। रात्रि विश्राम रतनपुर महामाया धर्मशाला में होगा।
12 नवंबर को माँ महामाया मंदिर, रतनपुर से आशीर्वाद लेकर यात्रा कोटा नगर के लिए रवाना होगी। यात्रा कोटा, तखतपुर, मस्तूरी होते हुए लोरमी (मुंगेली जिला) पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा।
13 नवंबर को लोरमी से मुंगेली तक पदयात्रा होगी। फव्वारा चौक, गुरुद्वारा चौक, डिण्डौल रोड, नहर के पास छोटी सभा के बाद मुंगेली शहर में महामाया दाउपारा, नया पुल, पुराना बस स्टैंड, परशुराम चौक, सदर बाजार, महावीर चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक में यात्रा का भव्य समापन होगा।
पत्रकारवार्ता में प्रमुख रूप से विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, दीनानाथ केशरवानी, महापौर पूजा विधानी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह तीन दिवसीय यूनिटी पदयात्रा सरदार पटेल के आदर्शों पर आधारित एकता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प है।

