बैठक में कलेक्टर कुंदन कुमार
एस.पी.भोजराम पटेल जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने निभाई महती भूमिका…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा जिले में सामाजिक एकता, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात अनुशासन की अलख जगाने के लिए शुरू किए गए “पहल” अभियान के तहत आज एक ऐतिहासिक सामाजिक संवाद बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के संवाद सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.), तथा जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय की उपस्थिति रही। बैठक में जिले के 150 से अधिक सर्व समाज प्रमुख एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक का उद्देश्य सामाजिक समरसता बनाए रखना, समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करना, तथा नागरिकों को साइबर अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।
अधिकारियों ने समाज प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने समाजों में आगे बढ़कर लोगों को साइबर ठगी के प्रलोभन से बचने, नशे से दूरी बनाए रखने और कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने देने जैसी सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाज प्रमुखों ने भी आश्वासन दिया कि वे अपने सामाजिक स्तर पर जनजागरण और सकारात्मक परिवर्तन लाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक में अनेक विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई, जिसमें अधिकारियों ने समाज में भाईचारा, सद्भावना और विकास की दिशा में मिलकर काम करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल, हरविंदर सिंह, तथा रक्षित निरीक्षक श्रीमती नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं सर्व समाज प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

