साईबर ठगी को रोकने अभियान
में एस.पी. ने अपील के माध्यम से जगाई जागरूकता…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली किसान भाइयों और खाताधारकों को ठगी से बचाने और साइबर अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अपील जारी की है। लगातार बढ़ते बैंक फ्रॉड और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को देखते हुए की गई यह पहल किसानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

एसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट कहा कि किसान और आम नागरिक किसी भी अनजान व्यक्ति से अपना विवरण फॉर्म भरवाने या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा करने की भारी भूल न करें। उन्होंने चेताया कि ऐसे प्रयास ठगी की बड़ी घटनाओं में बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा…
फॉर्म भरवाने या पैसा निकालने के लिए हमेशा बैंक के अधिकृत और नियुक्त कर्मचारियों पर ही भरोसा करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति आपकी बैंक जानकारी मांगता है, तो तुरंत मुंगेली पुलिस को सूचित करें। आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक की इस अपील को किसानों के बीच अत्यंत गंभीरता और राहत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि जिले में आये दिन होने वाले बैंक फ्रॉड के मामलों को रोकने के लिए यह जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अपनी सुरक्षा के लिए पालन करें यह जरूरी बातें किसी भी अनजान व्यक्ति से अपना बैंक विवरण फॉर्म न भरवाएं।
ओटीपी, खाता संख्या, एटीएम नंबर, पासबुक जानकारी आदि किसी भी अनजान व्यक्ति को न दें।
बैंक संबंधी कामों के लिए केवल बैंक के आधिकारिक कर्मचारियों की सहायता लें।
किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा जानकारी मांगे जाने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
एसपी भोजराम पटेल द्वारा किसानों व खाताधारकों की सुरक्षा के लिए चलाया गया यह जागरूकता अभियान जिले में एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिसने ग्रामीण अंचल में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता की नई मिसाल कायम की है।

