कलेक्टर ने शहर में पदयात्रा कर मतदाताओं को जागरूक किया
पुनरीक्षण कार्य का फील्ड पर लिया जायज़ा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज दूसरे दिन भी शहर का व्यापक दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जमीनी हकीकत का जायज़ा लिया। शाम को वे इंदु चौक से राजीव गांधी चौक तक पदयात्रा पर निकले और आम नागरिकों से संवाद कर मतदाता सूची के शुद्धिकरण के महत्व पर जोर दिया।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा शुरू किया गया यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्र के बीएलओ से अभियान की प्रगति, चुनौतियों और फील्ड में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना पत्रक में सिर्फ जानकारी भरनी है, इसके साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज लेने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि गणना फॉर्म में परिवार का कोई भी सदस्य हस्ताक्षर कर सकता है, केवल संबंधित मतदाता का हस्ताक्षर अनिवार्य नहीं है। कलेक्टर ने लोगों से गणना फॉर्म शीघ्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति को गति मिल सके।

पदयात्रा के दौरान कलेक्टर अग्रवाल ने आम नागरिकों से मिलकर उन्हें अभियान के प्रति जागरूक किया और सही व अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार बनर्जी, एसडीएम मनीष साहू और जोन आयुक्त प्रवीण शुक्ला भी मौजूद रहे।

