सारनाथ एक्सप्रेस को नियमित चलाने की मांग…को लेकर किया करारा प्रहार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कोहरे के कारण 66 दिनों के लिए रद्द की जा रही सारनाथ एक्सप्रेस को नियमित रूप से चालू रखने की मांग रेल मंत्री से की है। उन्होंने इस संबंध में पत्र लिखकर कहा कि हाल के वर्षों में कोहरे के नाम पर यात्री ट्रेनों का रद्द होना आम बात बन गया है, जिससे देशभर के करोड़ों यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
अटल श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्ग से छपरा तक संचालित होने वाली सारनाथ एक्सप्रेस छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन है। यह बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए प्रतिदिन एक प्रमुख साधन का कार्य करती है। छत्तीसगढ़ के यात्री धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में प्रयागराज आते-जाते हैं, ऐसे में सारनाथ एक्सप्रेस का लंबी अवधि तक रद्द रहना जनता के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि रेल प्रबंधन द्वारा कोहरे का हवाला देते हुए देशभर की 247 ट्रेनों को 50 से 90 दिनों तक रद्द किया गया है, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि मालगाड़ियों का संचालन बिना किसी बाधा के जारी है। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने रेल मंत्री से पूछा…
क्या कोहरे का असर केवल यात्री गाड़ियों पर होता है, मालगाड़ियों पर नहीं…?
विधायक श्रीवास्तव ने सारनाथ एक्सप्रेस को अविलंब पुनः संचालित करने की मांग करते हुए कहा कि यह ट्रेन चार राज्यों को जोड़ने वाली जनजीवन की महत्वपूर्ण कड़ी है और इसका संचालन बंद होना लाखों यात्रियों की भावनाओं और आवश्यकताओं से खिलवाड़ है।


