राज्यभर में एक साथ कई जिलों हुई छापेमार कार्रवाई से प्रशासनिक और कारोबारी गलियारों में मची खलबली…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ी हालिया कार्रवाई करते हुए ACB/EOW की संयुक्त टीमों ने रविवार सुबह रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, कोंडागांव, जगदलपुर समेत कई जिलों में 18 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की। यह हाई-प्रोफाइल रेड DMF (जिला खनिज न्यास) घोटाले और आबकारी विभाग के शराब घोटाले से जुड़े मामलों की गहन जांच के तहत की गई है।
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर में पूर्व IAS अनिल टुटेजा के चाचा अशोक टुटेजा के ठिकानों पर छापा सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले 10–15 वर्षों में अशोक टुटेजा ने बिलासपुर व रायपुर में करोड़ों की जमीनें और कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदी हैं, जिसकी जांच ACB की प्राथमिकता में है।
कार्रवाई के दायरे में DMF घोटाले से जुड़े हरपाल अरोड़ा, और पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के रायपुर स्थित ठिकाने भी शामिल हैं, जहाँ रामाग्रीन्स से जुड़े दस्तावेजों की तलाश में टीम ने छापेमारी की। उनके आवास से महत्वपूर्ण कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की संभावना बताई जा रही है।
सरगुजा में टीमों ने पशु चिकित्सक डॉ. तनवीर अहमद, सप्लायर अमित अग्रवाल, तथा बलरामपुर जिले में व्यवसायी मनोज अग्रवाल के ठिकानों पर भी दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लेनदेन के रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा जब्त कर लिए गए हैं, जिनसे बड़े खुलासों की उम्मीद है।
राज्यभर में एक साथ हुई इन छापेमार कार्रवाइयों ने प्रशासनिक और कारोबारी गलियारों में खलबली मचा दी है। ACB/EOW की टीमें आगे भी कई और ठिकानों पर कार्रवाई बढ़ा सकती हैं।

