चार आरोपी गिरफ्तार सिरगिट्टी पुलिस की बड़ी कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित इल्युम बार के बाहर रविवार देर रात मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24.11.2025 की रात बार के बाहर पार्किंग स्थल में आरोपिया शिवानी खुटे और निलेश गेंदले के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने के लिए प्रशांत कश्यप, आयुष यादव और यश तिवारी मौके पर पहुँचे, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। इसी दौरान बढ़ते तनाव को देखते हुए आरोपी यश तिवारी ने आवेश में आकर अपने पास रखे बटनदार चाकू से निलेश के पेट के बाएँ हिस्से पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। हमले में प्रयुक्त बटनदार चाकू आरोपी यश तिवारी के कब्जे से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घायल निलेश का इलाज चल रहा है।

गिरफ्तार आरोपी..
- शिवानी खुटे उर्फ नेहा, पिता बाबूलाल खुटे, उम्र 20 वर्ष, निवासी फिरंगीपारा कोटा, हाल निवासी राजकिशोर नगर थाना सरकण्डा, बिलासपुर
- यश तिवारी, पिता दीपक तिवारी, उम्र 18 वर्ष, निवासी राजकिशोर नगर थाना सरकण्डा, बिलासपुर
- प्रशांत कश्यप, पिता स्व. कृष्ण कुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोपका संतोषी चौक गुढ़ीपारा थाना सरकण्डा, बिलासपुर
- आयुष यादव, पिता धर्मेंद्र यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोपका विवेकानंद नगर थाना सरकण्डा, बिलासपुर
पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

