अवैध धान संग्रहण व परिवहन पर शिकंजा कसने अभियान आज फिर मिली बड़ी सफलता…! 600 बोरी धान जब्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान संग्रहण व परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने आज फिर बड़ी कार्रवाई दर्ज की। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले भर में लगातार हो रही निगरानी के तहत आज 8 स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की गई, जिसमें लगभग साढ़े 7 लाख रुपए मूल्य के 600 बोरी (239 क्विंटल) धान जब्त किया गया।
मंडी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दोषियों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी कर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।
जिला खाद्य अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उड़नदस्ता टीम ने मस्तूरी ब्लॉक के जयराम नगर में किरारी के धर्मेंद्र सूर्यवंशी से 60 बोरी, मस्तूरी के गोविंद अग्रवाल से 55 बोरी, तथा सीपत के इंद्र वर्मा से 60 बोरी और विकास अग्रवाल के गोदाम से 63 बोरी अवैध रूप से संग्रहित धान बरामद किया।
इसी प्रकार तखतपुर के निगारबंद में व्यापारी नवीन अग्रवाल के संस्थान से 50 बोरी (20 क्विंटल), सिलतरा के रामू साहू से 75 बोरी (30 क्विंटल), सुखदेव साहू से 50 बोरी (20 क्विंटल) और समडील के सुनील यादव के संस्थान से 187 बोरी (74 क्विंटल) धान जब्त किया गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान और भी तेज़ किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि धान की खरीद-फरोख्त में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

