पदयात्रियों का सम्मान, उत्सव में दिखा समर्पण और जागरूकता का संगम…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर.बागेश्वर श्री बांके बिहारी मिलन एवं सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का सम्मान समारोह रविवार को संजीवनी अस्पताल के चाणक्य ऑडिटोरियम में आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर और आसपास के पदयात्रियों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय में सनातन संस्कृति के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। इसे बचाने के लिए समाज में एकजुटता और जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और उसके मूल मूल्य हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हनुमान चालीसा में हजारों वर्ष पूर्व सूर्य की दूरी का जो वर्णन किया गया, आज विज्ञान उसे प्रमाणित कर रहा है।
ग्लोबल विलेज में चुनौतियां बढ़ीं
विधायक अमर अग्रवाल ने तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तकनीक, आर्थिक दबाव और बदलती जीवन शैली संस्कृति को प्रभावित कर रही है। आने वाले 50 वर्ष समाज के लिए निर्णायक होंगे। यदि अभी जागरूकता और एकजुटता नहीं लाई गई, तो आने वाली पीढ़ियां संस्कृति से कट सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि सनातन हिंदुओं की एकता ही समाज को सुरक्षित रख सकती है।

बागेश्वर धाम की पहल सराहनीय अमर अग्रवाल ने बागेश्वर धाम द्वारा किए जा रहे धार्मिक और सामाजिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर से 180 पदयात्रियों की सहभागिता दर्शाती है कि लोग अपनी संस्कृति के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने आगामी आयोजनों में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
डॉ. विनोद तिवारी बोले…
धर्मग्रंथों का अध्ययन जरूरी:
समारोह में डॉ. विनोद तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन संस्कृति को कमजोर करने की कोशिशें अब समाज के सभी वर्ग तक पहुंच चुकी हैं। धर्मांतरण जैसी गतिविधियां अब केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षित और सक्षम वर्ग भी इसके दायरे में है। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कार, धर्मग्रंथों का ज्ञान और परंपराओं की समझ ही संस्कृति को सुरक्षित रखने का आधार है। उन्होंने बागेश्वर धाम की कथाओं, कन्या विवाह और अन्य सामाजिक कार्यों को सांस्कृतिक जागरण का माध्यम बताया। डॉ. संजना तिवारी ने भी धर्मप्रेमियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

अप्रैल में आएंगे बागेश्वर सरकार
समारोह में अप्रैल माह में आयोजित होने वाली बागेश्वर सरकार की कथा की रूपरेखा साझा की गई। डॉ. तिवारी ने बताया कि इसके लिए 40 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया जाएगा, जो पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।

महिलाओं की सहभागिता को मेयर ने सराहा महापौर पूजा विधानी ने अपने संबोधन में 180 पदयात्रियों में 76 महिलाओं की सहभागिता को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपस्थिति किसी भी धार्मिक आयोजन की आत्मा को मजबूत करती है। उन्होंने संगठन को और सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही।
अतिथियों का पारंपरिक स्वागत
कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक विधि से स्वागत किया गया। आयोजन में मुकेश हरिगोविंद नामदेव, संजय यादव, मुकेश शास्त्री, पं. शांतनु कृष्ण, कमलेश गुप्ता, सुशील श्रीवास्तव, शंकर कछवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महिला वर्ग से प्रतिमा श्रीवास्तव, कल्पना शांडिल्य, क्षिप्रा भौमिक, प्रतिमा पांडेय और भुवनेश्वरी साहू ने मेयर का स्वागत किया। कार्यक्रम में सौरभ दुबे, पल्लवी दुबे, बिंदु कछवाहा, सुजाता मानिक, शीला पटेल, ममता शर्मा, नीरा पांडेय, अरुणिमा तिवारी और अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

