अवैध धान के संग्रहण और खरीद-फरोख्त के खिलाफ जारी अभियान आज फिर हुई बड़ी कार्रवाई 30 क्विंटल अवैध धान जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
अन्नदाताओं की मेहनत पर काले कारोबारियों की छाया न पड़े।
इस संकल्प के साथ कलेक्टर संजय अग्रवाल की पैनी निगरानी और सख्त निर्देशों का असर अब लगातार दिखने लगा है। जिले में अवैध धान के संग्रहण और खरीद-फरोख्त के खिलाफ जारी अभियान के तहत आज फिर बड़ी कार्रवाई हुई।
संयुक्त जांच दल ने ग्राम पचपेड़ी स्थित गोलू गुप्ता के गोदाम पर छापामार कार्रवाई कर 75 कट्टी (लगभग 30 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया। गोदाम संचालक बिना किसी वैध दस्तावेज के धान का कारोबार कर रहा था। आशंका यह भी जताई जा रही है कि धान को सांठगांठ कर आसपास की किसी सोसाइटी में खपाने की तैयारी थी, लेकिन कलेक्टर के निर्देश पर लगातार जारी निगरानी के चलते पूरा माल पहले ही पकड़ लिया गया।
राजस्व विभाग के नेतृत्व में खाद्य तथा मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान जब्त कर लिया है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम विरुद्ध व्यापार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में धान खरीद व्यवस्था पारदर्शी व सुरक्षित रहे, किसान हितों की रक्षा हो।इसी उद्देश्य से प्रशासन लगातार मुस्तैद है।

