बिलासपुर-[जनहित न्यूज] नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आयरन से लदी एक चलती ट्रक में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी ट्रक धू-धू कर जलने लगी। यह सनसनीखेज घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामनगर तिराहे के पास हुई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे का है। महाराष्ट्र से आयरन लोड कर ओडिशा जा रही ट्रक जैसे ही जयरामनगर तिराहे के पास पहुंची, उसके टायर से अचानक धुआं उठने लगा। सड़क से गुजर रहे लोगों ने खतरे को भांपते हुए चालक को तुरंत आगाह किया।

स्थिति की गंभीरता समझते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोका। जैसे ही वह नीचे उतरा, ट्रक में अचानक आग भड़क उठी और पलभर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गनीमत रही कि चालक ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि ट्रक और उसमें लदा माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल अमला मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

