हादसा या किसी की साजिश का अंजाम…? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच पोस्टमार्टम में बाद रहस्य से उठेगा पर्दा …?
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बिलासपुर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर एक बार फिर रहस्यमयी मौत से दहल उठी। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम अमेरी में रविवार सुबह गांव के तालाब में एक महिला का शव तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। शांत तालाब की सतह पर तैरती लाश ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए।
क्या यह महज नशे में हुआ हादसा है या फिर किसी साजिश की डरावनी कहानी?
तालाब में शव दिखाई देने की खबर जैसे ही फैली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। मृतका की पहचान ग्राम अमेरी के सतनाम नगर निवासी चंद्रकली कुर्रे (40 वर्ष), पति सुभाष कुर्रे के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला का शव औंधे मुंह पानी में मिला, जिसने मौत को लेकर संदेह को और गहरा कर दिया। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका को शराब पीने की आदत थी और शनिवार रात भी उसने शराब का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह तालाब में गिर गई होगी।
हालांकि पुलिस इस निष्कर्ष पर जल्दबाजी में नहीं पहुंचना चाहती। क्या महिला खुद तालाब तक पहुंची थी? क्या मौके पर कोई और मौजूद था? या फिर यह मामला किसी छिपे अपराध की ओर इशारा कर रहा है..? इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
फिलहाल गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है, और तालाब की गहराइयों में छुपा यह राज अब पुलिस जांच के भरोसे है, हादसा… या हत्या?

