रायपुर-[जनहित न्यूज]
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर दहला उठी है। माना थाना क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर तालाब में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब में तैरते शव को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को तालाब से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक का सिर और दोनों हाथों के पंजे गायब पाए गए हैं, जिससे यह मामला एक सुनियोजित और बेहद क्रूर हत्या की ओर इशारा कर रहा है।

तालाब में तैरती मिली लाश, इलाके में दहशत सुबह ग्रामीणों की नजर जब पानी में तैरते शव पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आसपास के इलाके में सिर और हाथों की तलाश की, लेकिन फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारण और समय का खुलासा हो सके।
कहीं और हुई हत्या, तालाब में फेंका गया शव?
शव की हालत देखकर पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को ब्लू वाटर तालाब में ठिकाने लगाया गया है। हालांकि, यह भी जांच का विषय है कि वारदात इसी इलाके में तो नहीं हुई। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए मृतक की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पहले भी हिला चुकी है राजधानी
गौरतलब है कि इससे पहले 22 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके में एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। उस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया था कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर की थी। शारीरिक संबंध से इनकार करने पर युवती की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान प्लॉट में फेंक दिया गया था।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
फिलहाल ब्लू वाटर तालाब में मिली सिर कटी लाश के मामले ने पूरे रायपुर को दहला दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठेगा।
रायपुर में बढ़ते अपराधों ने फिर खड़े किए सवाल अगला खुलासा कब….?

