धू-धू कर जली फर्नीचर फैक्ट्री
एक श्रमिक गंभीर दूसरे के फंसे होने की आशंका…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
शहर के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा फैक्ट्री परिसर आग और धुएं की चपेट में आ गया। काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहा एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर मौजूद एक अन्य श्रमिक अभिजित सूर्यवंशी के अब भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे परिजनों और सहकर्मियों की चिंता और बढ़ गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी पॉलिश एवं अन्य कार्यों में उपयोग होने वाले ज्वलनशील तारपीन तेल को एक बड़े टैंकर में संग्रहित किया गया था। मंगलवार दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों और घने धुएं के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों द्वारा कई दमकल वाहनों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। एहतियातन फैक्ट्री को खाली कराया गया और आसपास के क्षेत्र को भी सतर्क कर दिया गया, ताकि आग अन्य औद्योगिक इकाइयों तक न फैल सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
आग पूरी तरह बुझने और राहत एवं बचाव कार्य समाप्त होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।

