नगर निगम को दान दी गई 77 एकड़ भूमि का किया निरीक्षण जल्द रिपोर्ट बनाने दिए निर्देश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम को दान में मिली जमीनों के संरक्षण और कब्जा मुक्त कराने की दिशा में नवपदस्थ नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने कार्यभार संभालते ही सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कमिश्नर श्री सर्वे सीपत क्षेत्र के ग्राम कारीछापर पहुंचे, जहां उन्होंने पैदल भ्रमण कर निगम को दान में मिली 77 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने निगम व राजस्व विभाग द्वारा बीते एक सप्ताह से जारी सीमांकन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमांकन कार्य शीघ्र पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जा सके।

उल्लेखनीय है कि ग्राम कारीछापर में पंडित देवकीनंदन दीक्षित ट्रस्ट द्वारा वर्ष 1942-43 में नगर निगम को 76 एकड़ 87 डिसमिल भूमि दान में दी गई थी। वर्तमान में इस भूमि के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं, जिसके चलते निगम द्वारा सीमांकन कराया जा रहा है। यह भूमि कुल 107 खसरों में फैली हुई है।
बीते दिनों क्षेत्र में हाथियों की आमद के कारण सीमांकन कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसे अब पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। सीमांकन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद निगम प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर के साथ मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा, उप अभियंता जुगल सिंह, पटवारी हरीश जैन सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवपदस्थ कमिश्नर के इस सक्रिय कदम से निगम की जमीनों के संरक्षण को लेकर प्रशासनिक सख्ती के संकेत साफ नजर आ रहे हैं।

