केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आत्मनिर्भर भारत एक दिवसीय महिला सम्मेलन में निभाई सहभागिता…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने लोरमी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साल्हेघोरी, जिला मुंगेली में आयोजित आत्मनिर्भर भारत एकदिवसीय महिला सम्मेलन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए उनके विचार, अनुभव और आकांक्षाएँ सुनीं तथा महिला सशक्तिकरण को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तब तक पूर्ण नहीं हो सकता, जब तक देश की महिलाएँ आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक रूप से सशक्त न हों। उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और राष्ट्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

श्री साहू ने महिलाओं की जागरूकता, आत्मविश्वास और सशक्त संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि महिला शक्ति समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की प्रेरक शक्ति है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और नेतृत्व से ही एक सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएँ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ उपस्थित रहीं।

