महज 72 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार त्वरित व सटीक कार्रवाई से पीड़ित परिवार को मिला न्याय…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
जिला मुंगेली पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी, सूझबूझ और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए जघन्य हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सशक्त निर्देशन में थाना जरहागांव पुलिस ने ग्राम बरेला में जमीन विवाद को लेकर हुए युवक की नृशंस हत्या के 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में कस दिया है।
जमीन नहीं बेचने पर रची गई थी हत्या की साजिश मामला 26 दिसंबर 2025 का है, जब ग्राम बरेला निवासी राजकुमार धुरी (21 वर्ष) को आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत पंजाब नेशनल बैंक परिसर से अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते युवक की मौत हो गई। आरोपियों ने मृतक को घर के पास फेंक दिया और फरार हो गए।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में जरहागांव पुलिस ने गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर 05 आरोपियों को धर दबोचा।
हत्या में प्रयुक्त वाहन जब्त, आरोपी जेल भेजे गए,पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मुंगेली पुलिस की कार्यशैली की हर ओर प्रशंसा:-
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नंदलाल पैकरा, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद मिली, बल्कि अपराधियों को स्पष्ट संदेश भी गया कि मुंगेली पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।

