खुशियाँ मनाए पर कानून के दायरे में सिविल लाइन पुलिस ने युवाओं को दिखाया ट्रेलर…
नशाखोरी और बेवजह घूम रहे 16 युवक गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
नए वर्ष के आगमन से पहले बिलासपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर को सुरक्षित और शांत बनाए रखने के लिए पुलिस ने नशेबाजों, अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। देर रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और बेवजह घूम रहे 16 युवकों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर शहर और जिलेभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत चौक-चौराहों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, नशे की हालत में वाहन चलाने और देर रात हुड़दंग मचाने वालों पर बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जा रही है।

सिविल लाइन में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ इलाकों में युवक अड्डेबाजी कर नशाखोरी कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रविवार देर रात पुलिस टीम ने चिन्हित स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कई युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दौड़ाकर पकड़ा। मौके पर ही सख्त समझाइश दी गई और दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
चेकिंग प्वाइंट, वाहन जांच और शराब पीकर ड्राइविंग पर सख्ती
नए साल के मद्देनज़र शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश बिलासपुर पुलिस ने युवाओं को साफ संदेश दिया है।

नया साल खुशी और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन कानून और शांति का सम्मान करें।
हुड़दंग, नशाखोरी और अव्यवस्था फैलाने वालों के लिए नए साल में भी पुलिस का डंडा तैयार है।
न्यायधानी में नए साल का जश्न सुरक्षा, अनुशासन और कानून के साथ मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध नजर आ रही है।

