शासन के दिशा-निर्देशों पर 20.54 लाख के नशीले पदार्थ को किया आग के हवाले…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली नए वर्ष 2025 की शुरुआत मुंगेली पुलिस ने नशे के खिलाफ कड़े और प्रतीकात्मक एक्शन के साथ की। शासन के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में वर्षभर जब्त किए गए नशीले पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। इस दौरान करीब 20 लाख 54 हजार 857 रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर, नशीली टेबलेट और गांजा को प्लांट भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।

मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान पहल के अंतर्गत जिले में लगातार नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों द्वारा दर्ज 14 प्रकरणों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों के नष्टीकरण की अनुमति न्यायालय से प्राप्त की गई।

दिनांक 31.12.2025 को पर्यावरणीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए मुंगेली शहर से दूर स्थित दीपक इंडस्ट्रीज (स्टीज बामपारा) प्लांट को नष्टीकरण स्थल के रूप में चिन्हांकित किया गया।

एसपी भोजराम पटेल की उपस्थिति में
113.123 किलोग्राम सूखा गांजा (कीमत ₹11,31,540),
05 नग गांजा पौधा (2.444 किलोग्राम),
1045 नग नशीली टेबलेट,
46 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत ₹9,20,000)
को प्लांट भट्ठी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय, निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्र.आर. पवन अनंत, आर. वीरेंद्र राजपूत, आकाश जायसवाल सहित पर्यावरण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। नए वर्ष के पहले दिन यह कार्रवाई नशे के सौदागरों के लिए कड़ा संदेश है कि मुंगेली जिला नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी ताकत से काम करेगी।

