वित्तीय अनियमितता पर किया कड़ा प्रहार… 14.18 लाख की गड़बड़ी में जोन-2 के आरआई को किया तत्काल सस्पेंड…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम में हड़कंप
नगर निगम बिलासपुर में वित्तीय अनुशासन को लेकर नव पदस्थ निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पदभार संभालते ही सख्त रुख अपनाया है। राजस्व कर की वसूली कर उसे निकाय कोष में जमा न करने के गंभीर मामले में जोन क्रमांक-2 के राजस्व निरीक्षक (आरआई) रामनारायण देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इंटरनल ऑडिट में खुला मामला
वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच संपत्ति कर, समेकित कर एवं यूजर चार्ज के रूप में वसूली गई। ₹14,18,207/- (चौदह लाख अठारह हजार दो सौ सात रुपये) की राशि निकाय कोष में जमा नहीं की गई। यह गंभीर आर्थिक अनियमितता इंटरनल ऑडिट के दौरान उजागर हुई, जिसकी रिपोर्ट निगम आयुक्त को सौंपी गई।
जांच के बाद सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम आयुक्त ने संयुक्त संचालक (वित्त) के नेतृत्व में जांच कराई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 09(1)(ख) के तहत आरआई रामनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया गया।
वसूली के निर्देश, नहीं तो एफआईआर
निगम कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित राशि की वसूली अनिवार्य रूप से की जाए। निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने की स्थिति में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान आरआई का मुख्यालय राजस्व विभाग (विकास भवन) निर्धारित किया गया है।
साफ संदेश भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
नव पदस्थ निगम कमिश्नर की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि नगर निगम में वित्तीय अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम में प्रशासनिक सख्ती का यह कदम आने वाले समय में और भी कड़े फैसलों का संकेत माना जा रहा है।

