सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर निकली भव्य बाइक रैली कलेक्टर व एसएसपी ने स्वयं संभाली कमान…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दूसरे दिन बिलासपुर में यातायात सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता का भव्य नज़ारा देखने को मिला। आम नागरिकों को हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता का संदेश देने हेतु यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा एक विशाल हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन और समाज दोनों की भागीदारी देखने को मिली।

इस जागरूकता रैली का नेतृत्व स्वयं जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने किया। दोनों अधिकारियों ने दुपहिया वाहन पर हेलमेट पहनकर रैली का नेतृत्व करते हुए शहरवासियों को यातायात नियमों के पालन का सशक्त संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ स्थानीय रिवर व्यू से हुआ, जो देवकीनंदन चौक, कोतवाली चौक, तेलीपारा, लिंक रोड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, भारती नगर, महाराणा प्रताप चौक, गौरव पथ, मंगला चौक, नेहरू चौक होते हुए पुनः रिवर व्यू पहुंचकर संपन्न हुई। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरती इस रैली ने आमजन का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

रैली के प्रारंभ में कलेक्टर एवं एसएसपी द्वारा हेलमेट की उपयोगिता, आवश्यकता और अनिवार्यता पर संक्षिप्त उद्बोधन देते हुए कहा गया कि एक छोटी सी सावधानी, किसी परिवार को उजड़ने से बचा सकती है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, सीएसपी गगन (IPS), प्रशिक्षु IPS अंशिका, डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी मंजूलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

साथ ही सड़क सुरक्षा आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, अब्दुल हमीद, राजकुमार सुखवानी, श्रीमती विद्या गोवर्धन, लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा, विकास वर्मा सहित बड़ी संख्या में एनजीओ, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों एवं नागरिक संगठनों के सदस्य रैली में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन मुकुल शर्मा, व्याख्याता मिशन स्कूल उच्च माध्यमिक शाला बिलासपुर द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक बिलासपुर जिले में पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, नगर निगम, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात को जन-आंदोलन बनाना है।

