मनोरंजन और यातायात जागरूकता का अनूठा संगम देखने पुलिस ग्राउंड
में उमड़ा जनसैलाब…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बिलासपुर में स्वास्थ्य, मनोरंजन और यातायात जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला पुलिस बल बिलासपुर के तत्वावधान में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत रविवार 04 जनवरी 2026 को पुलिस परेड मैदान में वाकाथन, एरोबिक्स और जुंबा डांस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी
संजय अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ नगर निगम कमिश्नर, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, नागरिक संगठन, स्व सहायता समूह, एनजीओ, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर आमजन से प्रत्यक्ष सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत मंचीय स्वागत के पश्चात वाकाथन से हुई। पुलिस परेड मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों से गुजरते हुए यह वाकाथन पुनः पुलिस परेड मैदान में संपन्न हुई। वाकाथन के दौरान सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा, यातायात नियमों का पालन करें जैसे संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक किया गया।

वाकाथन के पश्चात पुलिस परेड मैदान में आयोजित एरोबिक्स एवं जुंबा डांस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, जिला पुलिस बल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

उक्त आयोजन में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, एसडीओपी मस्तूरी, मास्टर ट्रेनर उमाशंकर पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी आकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नागरिक संगठनों एवं एनजीओ के प्रतिनिधि आर्यन, विकास, विद्या गोवर्धन, एरोबिक्स संचालक भार्गव एवं उनकी टीम तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 05 जनवरी 2026 को नगर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

साथ ही यातायात पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन तथा प्रमुख स्थलों पर जागरूकता संबंधी बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे।

बिलासपुर पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, नगर निगम, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक संस्थाओं के आपसी समन्वय से आयोजित यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जन को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा।

