आज अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक चला अभियान…!
सड़कों पर लगे डिस्प्ले बोर्ड, साइन बोर्ड पुतले बैनर फ्लेक्सी को हटाया गया…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत बिलासपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भूतल परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शहर के तीन प्रमुख सेक्टरों को “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” घोषित कर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एक माह तक सख्त और निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज संजीव शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के बीच अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

ये तीन सेक्टर बने पहले ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड
लिंक रोड से महिमा तिराहा श्रीकांत वर्मा मार्ग महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक
इन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण, बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, होर्डिंग, दुकान के सामने अतिरिक्त निर्माण एवं मुख्य मार्ग को बाधित करने वाली सभी संरचनाओं को हटाया जा रहा है। ठेला, गुमटी, चाट–गुपचुप, फल एवं अन्य चलित दुकानों को मुख्य सड़क से हटाकर नियत स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

नियम उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
अभियान के दौरान होटल, लॉज, ढाबा, सराय, कोचिंग संस्थान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़ी भीड़ को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग पर भी सख्ती बरती जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

आज की कार्रवाई अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक अभियान चलाकर दुकानों के सामने लगे डिस्प्ले बोर्ड, साइन बोर्ड, पुतले, बैनर, फ्लेक्सी एवं पक्के अवैध निर्माण को हटाया गया। सड़क की ओर बढ़े हुए छज्जों व दीवारों को भी हटाकर यातायात को सुचारु किया गया।
आगे की योजना प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल तीन सेक्टरों तक सीमित नहीं रहेगी। आगामी कार्ययोजना के तहत पूरे शहर को चरणबद्ध तरीके से सेक्टरों में विभाजित कर “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बिलासपुर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिल सके।
जनहित न्यूज़ की अपील… यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और सुरक्षित शहर निर्माण में भागीदार बनें।

