मुंगेली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई…
गांजा तस्कर व अवैध शराब कारोबारी धराए…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” का एक बार फिर असर देखने को मिला है। जिले के लालपुर और लोरमी क्षेत्र में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने गांजा तस्कर और कच्ची महुआ शराब तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
एसपी भोजराम पटेल के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी में लिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा न जाए। इसी सख्त नीति के तहत 06 जनवरी को सायबर सेल, थाना लालपुर और थाना लोरमी की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।
लालपुर क्षेत्र में गांजा तस्कर गिरफ्तार
लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेण्ड्रीतालाब बारह हजार पुल के पास धरम ट्रेडर्स के सामने घेराबंदी कर पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान आरोपी भुनेश्वर साहू (27 वर्ष) निवासी धौराभाठ, थाना लोरमी के पास से 01 किलो 902 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹19,000/- है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल (कीमत ₹70,000/-) भी जब्त की गई। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत ₹89,000/- आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

लोरमी में अवैध महुआ शराब तस्करी पर शिकंजा
इसी तरह थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम झाफल मेन रोड, महाराणा प्रताप स्कूल के सामने पुलिस ने राजु सिसोदिया (19 वर्ष) निवासी शिकारीडेरा परसवारा को अवैध शराब तस्करी करते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 07 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹700/-) तथा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल (कीमत ₹10,000/-) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/26 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक अमित गुप्ता, सउनि दिलीप प्रभाकर, निर्मल घोष सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
एसपी भोजराम पटेल की सख्त रणनीति और “ऑपरेशन बाज” अभियान से साफ संदेश है कि मुंगेली जिले में नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के लिए कड़ा चेतावनी संदेश बनकर सामने आई है।

