कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक सुधार की दिशा में अनूठी पहल की सभी ने मुक्तकंठ की सराहना…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले को नशा मुक्त सुरक्षित और जागरूक समाज की ओर अग्रसर करने के संकल्प के साथ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा शुरू किया गया “पहल” कार्यक्रम अब जन-आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक सुधार की दिशा में यह मुहिम मुंगेली पुलिस की एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल बनकर उभरी है।
इसी क्रम में आज 07 जनवरी 2026 को जिला पंचायत मुंगेली के सभा कक्ष में एक विशेष संवेदीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी एक मंच पर उपस्थित रहे।

एसपी भोजराम पटेल के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य “पहल” कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। एसपी पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है, और इसी सोच के साथ मुंगेली पुलिस लगातार जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में तीन प्रमुख विषयों साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा एवं नशा मुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि डिजिटल युग में बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर राशि को होल्ड कराया जा सकता है।

यातायात जागरूकता के तहत नियमों के पालन, हेलमेट की अनिवार्यता, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने और पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों में सवारी न करने की सख्त अपील की गई। उल्लेखनीय है कि मुंगेली पुलिस द्वारा वर्ष 2024 की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने में सफलता प्राप्त की गई है।
नशा मुक्ति को लेकर एसपी भोजराम पटेल ने इसे अपराधों की जड़ बताते हुए कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को खोखला करता है। “पहल” अभियान के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभाग प्रमुखों ने नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन और साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अभियान चलाने का संकल्प लिया और एसपी भोजराम पटेल के विजन की खुलकर सराहना की।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस यह संदेश दे रही है कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी भी निभा रही है। “पहल” के माध्यम से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई, सुरक्षित यातायात और साइबर सुरक्षा को लेकर मुंगेली एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
निस्संदेह, एसपी भोजराम पटेल की यह सोच और नेतृत्व मुंगेली को एक आदर्श, सुरक्षित और नशा मुक्त जिला बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

