ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में युवा शक्ति का उत्सव:
स्वामी विवेकानंद जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धुन से गूंजा परिसर…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आज ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं वाइस प्राचार्य श्रीमती तपोषी सरकार के कर-कमलों से स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

नर्सरी से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में श्रीमती डॉ. नंदिनी दुबे ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्रीमती सुजाता वर्मा ने “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” विषय पर आधारित एक अत्यंत भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित सभी श्रोताओं को प्रेरित किया।

कक्षा तीसरी के बच्चों ने कविता, कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानी, वहीं कक्षा सातवीं एवं आठवीं के छात्रों

ने उनके जीवन से संबंधित रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटिका रही, जिसमें यह संदेश दिया गया कि “हमें ऐसी शिक्षा चाहिए जिससे चरित्र का निर्माण हो, मन की शक्ति बढ़े और बुद्धि का विकास हो।” नाटिका ने युवा वर्ग को शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराया।

अंत में प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सशक्त, निडर और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अग्रसर होने का मार्ग चुनना चाहिए।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी और बच्चों को ज्ञानवर्धक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सैमुअल सर द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिससे युवा दिवस का संदेश सार्थक रूप में सभी तक पहुंचा।

