समाज सेवा की प्रतिबद्धता और संगठनात्मक अनुभव को मिला महत्वपूर्ण दायित्व…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर समाज सेवा की प्रतिबद्धता और संगठनात्मक अनुभव को मिला नया दायित्व। सिंधी समाज के लिए यह गर्व और उत्साह का क्षण है।

समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय, युवाओं के बीच लोकप्रिय एवं संगठनात्मक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले बिलासपुर निवासी नीरज जग्यासी को भारतीय सिंधु सभा युवा विंग का छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति न केवल संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि युवाओं को समाज, संस्कृति और सेवा से जोड़ने में भी एक नई ऊर्जा का संचार करेगी।
यह घोषणा रविवार को रायपुर में आयोजित भारतीय सिंधु सभा के प्रदेश स्तरीय सिंधी युवा सम्मेलन के दौरान की गई। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सिंधी समाज के युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित कर सिंधी संस्कृति, भाषा और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रेरित करना रहा।

इस गरिमामयी अवसर पर राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) से जुड़े कोर सदस्य कन्हैयालाल, भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सीए चेतन तारवानी, राष्ट्रीय महिला विंग अध्यक्ष विनीता भावनानी, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष लधाराम नैनवानी, युवा विंग प्रदेश अध्यक्ष चेतन हिंदूजा, सहित प्रदेशभर से आए संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी की उपस्थिति में नीरज जग्यासी के नाम की औपचारिक घोषणा की गई, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने उनका तालियों के साथ स्वागत किया।

नीरज जग्यासी
(भारतीय सिंधु सभा युवा विंग प्रदेश महासचिव)
नीरज जग्यासी लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने सिंधी समाज के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज को एकजुट रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सतत प्रयास किया है। उनका सरल, मिलनसार और सहयोगात्मक व्यक्तित्व उन्हें युवाओं के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय बनाता है।
वर्तमान में वे विश्व हिंदू परिषद, बिलासपुर में जिला सेवा प्रमुख के रूप में भी सेवा कार्यों में सक्रिय हैं। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और समर्पण से यह अपेक्षा की जा रही है कि भारतीय सिंधु सभा युवा विंग को प्रदेश स्तर पर नई दिशा और गति मिलेगी।

अपनी नियुक्ति पर नीरज जग्यासी ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से विनीता भावनानी, लधाराम नैनवानी, सीए चेतन तारवानी, शंकर मनचंदा एवं चेतन हिंदूजा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वे अपने दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ करेंगे तथा संगठन के माध्यम से सिंधी संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु निरंतर कार्य करते रहेंगे।
नीरज जग्यासी की यह नियुक्ति निश्चित ही सिंधी समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और समाज को एकजुट, सशक्त एवं जागरूक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

