मुंगेली पुलिस ने सटोरियों पर कसा शिकंजा दो युवक गिरफ्तार लाखों की सट्टा-पट्टी सामग्री जब्त….!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली जिले में अवैध जुआ-सट्टा पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से जिले के सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में साइबर सेल व थाना सिटी कोतवाली मुंगेली की संयुक्त टीम ने 13 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में चूड़ी लाइन गोलबाजार मुंगेली में जाहिद अली पिता वाहिद अली (35 वर्ष) को सार्वजनिक स्थान पर आम लोगों को अंकों पर रुपये-पैसे का लालच देकर सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से ₹20,000 नगद
सट्टा-पट्टी लिखा कागज रियलमी कंपनी का मोबाइल (कीमत ₹5,000)
जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 15/26, धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई में नगर पालिका स्कूल के पास मुंगेली से राज सोनी पिता रमेश (35 वर्ष) निवासी सदर बाजार को मोबाइल में क्रिकेट माजा एलेवन एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। जांच में व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संबंधी बातचीत और रकम के लेन-देन के प्रमाण मिले। आरोपी के कब्जे से सैमसंग S-25 अल्ट्रा मोबाइल (कीमत ₹50,000) जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 16/26, धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर, साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई धारा 170, 126(बी), 135(2) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल), निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि ईश्वर राजपूत सहित पुलिस टीम के कई जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
एसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में सट्टेबाजों को बख्शा न जाए।
मुंगेली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश है।अपराध चाहे कोई भी हो, अब बारी सख्त कानून की है।

